उत्तराखंड: नौ पर्वतीय जिलों में 84 बांडधारी डाॅक्टर तैनात करेगी धामी सरकार, मुख्य चिकित्साधिकारियों को सौंपी गई सूची

उत्तराखंड

देहरादून: राज्य के नौ पर्वतीय जिलों को 84 नए एमबीबीएस चिकित्सक मिल गए हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से पास आउट इन बांडधारी चिकित्सकों को तैनाती दे दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया, सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को सूची सौंप दी गई है।

मंत्री रावत ने बताया कि प्रदेश के चिकित्सा इकाईयों में स्वास्थ्य सुविधाओं के अपग्रेडेशन के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों सहित विभिन्न संवर्गों में पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है।

इसी क्रम में बांड व्यवस्था के तहत श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से पास आउट 84 बांडधारी चिकित्सकों को नौ पर्वतीय जनपदों में तैनाती दे दी गई है। बांड व्यवस्था के पौड़ी व अल्मोड़ा में 15 चिकित्सकों, पिथौरागढ़ में 11, बागेश्वर में छह, चमोली व रुद्रप्रयाग में 9-9, उत्तरकाशी व टिहरी में 7-7 और चंपावत में पांच चिकित्सक तैनात किए गए हैं।

चिकित्सकों की तैनाती प्राथमिकता के आधार पर दुर्गम व पर्वतीय क्षेत्रों के चिकित्सालयों में दी जाएगी। सभी को 20 दिन के भीतर ज्वाइन करना होगा। चिकित्सकों की नियुक्ति बांड व्यवस्था के तहत पांच वर्ष के लिए नियत मानदेय पर की गई है। बांड के उल्लंघन पर इनके खिलाफ अनुबंध की शर्तों के अनुरूप सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *