गैरसैण सत्र में शिरकत करने पहुंचे धामी ने स्थानीय लोगों से लिया सरकार के कामों का फीड बैक

उत्तराखंड

चमोली: सीएम पुष्कर सिंह धामी भराड़ीसैंण में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले. इस दौरान सीएम धामी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात की. साथ ही उन्होंने विधानसभा परिसर में कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उनके खाने-पीने और रहने की व्यवस्थाओं के विषय में जानकारी ली.

समूह की महिलाओं से सीएम धामी ने की मुलाकात: भराड़ीसैंण में सीएम पुष्कर सिंह धामी अपने चिर परिचित अंदाज में नजर आए. मॉर्निंग वॉक के दौरान सीएम धामी ने फिर लोगों के बीच पहुंचे और सरकार के कार्यों का फीडबैक लिया. भराड़ीसैंण सुबह भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बात कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की. साथ ही सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों से अपील करता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए आह्वान पर अपनी यात्रा व्यय का 5% स्थानीय उत्पादों की खरीदारी में अवश्य लगाएं.

सफाई कर्मचारियों से पूछी व्यवस्थाएं: वहीं विधानसभा परिसर में कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उनके खाने-पीने और रहने की व्यवस्थाओं के विषय में मुख्यमंत्री ने जानकारी ली. इस दौरान सभी ने सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के प्रति मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने में लगी बहनों का समर्पण और स्वच्छ व स्वस्थ समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे सफाई कर्मियों की लगन ‘विकसित उत्तराखंड’ की दिशा में सामूहिक प्रयास का अनुपम उदाहरण है.

सीएम मॉर्निंग वॉक पर करते हैं लोगों से बाचचीत: इससे पूर्व में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने प्रवास के दौरान अल्मोड़ा, गैरसैंण, खटीमा, चंपावत समेत कई जगहों पर इसी प्रकार सुबह की सैर के दौरान लोगों से मिलना नही भूलते हैं. उनका यही अंदाज लोगों को भी खूब भा रहा है. लोगों का कहना है कि जब मुख्यमंत्री उनसे इस प्रकार रूबरू होते हैं तो वो भी बिना हिचक के मुख्यमंत्री से अपनी बातों व समस्याओं को आसानी से उनके सम्मुख रख पाते हैं. बताते चलें कि जब भी सीएम पुष्कर सिंह धामी जिलों के दौरों पर जाते हैं सुबह मॉर्निंग वॉक पर जरूर निकले हैं. इस दौरान सीएम धामी आम लोगों से मिलकर उनका हाल-चाल जरूर पूछते हैं. साथ ही लोगों से बातचीत कर सरकारी विकास योजनाओं व विकास कार्यों के बारे में फीडबैक भी लेते हैं.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *