देहरादून: प्रसिद्ध नंदा राजजात यात्रा का आयोजन साल 2026 में होना है, जिसको लेकर उत्तराखंड सरकार ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं. नंदा राजजात यात्रा 12 साल में आयोजित की जाती है. पिछली बार साल 2014 में इस यात्रा का आयोजन किया गया था. अब साल 2026 में नंदा राजजात का आयोजन होगा. हाई एल्टीट्यूड क्षेत्र में होने वाली इस यात्रा को हिमालय का कुंभ भी कहा जाता है.
चमोली जनपद के सीमांत क्षेत्र नॉटी से यात्रा की शुरुआत होती है और उच्च हिमालय में स्थित होमकुंड में यात्रा का समापन होता है. 20 दिनों तक नंदा राजजात यात्रा चलती है, अति दुर्लभ क्षेत्रों से होकर यात्रा पैदल हिमालय की ओर निकलती है. नंदा राजजात के लिए अभी से सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बैठक कर अधिकारियों को यात्रा सफल और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रवासी उत्तराखंडियों से नंदा राजजात में अपने गांव आने की अपील की और उनके घरों को सजाने का काम राज्य सरकार करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा है कि अगले साल नंदा राजजात का भव्य आयोजन किया जाएगा. इसके लिए प्रवासी अगर उत्तराखंड लौटते हैं तो यह काफी सुखद होगा. मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कहा कि नंदा राजजात यात्रा के लिए अभी से लोक निर्माण विभाग, पेयजल विभाग, सिंचाई विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट किया गया है. यात्रा में भाग लेने वाले यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सुगम यात्रा के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं.