हरिद्वार मनसा देवी हादसा, करंट लगने की अफवाह से मची भगदड़, सीढ़ियों पर एक दूसरे के ऊपर गिरे श्रद्धालु

उत्तराखंड

हरिद्वार: रविवार का दिन हरिद्वार में मां मनसा देवी के भक्तों के लिए अकाल बन गया. सुबह करीब 8:50 बजे मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मची. घटना के समय मौके पर सैड़कों की संख्या में भक्त मौजूद थे. दर्दनाक हादसे में अभी तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. जबकि कई लोग घायल हैं. घायलों को हरिद्वार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हरिद्वार डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल अस्पताल में घायलों का जायजा ले रहे हैं.

रविवार 27 जुलाई को हरिद्वार में प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां मनसा देवी मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी हुई थी. शनिवार और रविवार वीकेंड होने के कारण भी मंदिर में अन्य राज्यों से भी आए भक्तों की भारी भीड़ जुटी हुई थी. वहीं दूसरी तरफ कांवड़ मेला खत्म होने के बाद भी कई संख्या कांवड़िए मंदिर में देवी के दर्शन के लिए पहुंचे हुए थे. बताया जा रहा है कि मंदिर के मुख्य सीढ़ी पैदल मार्ग पर ज्यादा भीड़ बढ़ने से भक्तों के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई. सीढ़ी मार्ग पर श्रद्धालु एक दूसरे के ऊपर गिरे.

सीढ़ी पर मची भगदड़: पूरे मामले पर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि सुबह 9 बजे करीब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मंदिर से 100 मीटर नीचे सीढ़ी पैदल मार्ग पर भगदड़ मचने की सूचना मिली. मौके पर एसडीआरएफ और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ सभी हताहत लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल लाया गया.

करंट की अफवाह से मची भगदड़: एसएसपी डोबाल ने बताया कि मार्ग पर करंट लगने की सूचना से लोगों के भीड़ भगदड़ की स्थिति पैदा हुई. अस्पताल में कुल 35 घायलों को लाया गया था. जिसमें से 6 की मौत हो चुकी है, अन्य सभी घायल हैं.

6 लोगों के मौत की पुष्टि: वहीं, गढ़वाल कमिश्नर रवि शंकर पांडे ने अभी तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है. जबकि कई घायल हुए हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि कारणों की जांच की जा रही है. मंदिर परिसर को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है. मौके एसडीआरएफ और पुलिस बल मौके पर मौजूद है. रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है.

वहीं हादसे पर सीएम धामी ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है. एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं. इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *