धामी सरकार का बड़ा कदम: ‘श्रमिक सेवा ऐप’ लॉन्च, 8 हजार मजदूरों के खातों में 17 करोड़ ट्रांसफर

उत्तराखंड देहरादून

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से विकसित ‘श्रमिक सेवा मोबाइल एप’ का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 8,005 श्रमिकों के खातों में DBT के माध्यम से 17 करोड़ से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के लिए अब ऑफलाइन अनुदान प्रक्रिया बंद कर दी गई है और ऑनलाइन माध्यम से सीधे खातों में धनराशि भेजी जा रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक 11,828 लाभार्थियों को करीब 29.89 करोड़ की सहायता दी जा चुकी है। साथ ही श्रमिकों के कौशल विकास पर जोर देते हुए प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन, मिस्त्री और कारपेंटर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रमायुक्त पीसी दुम्का ने बताया कि पोर्टल के जरिए हजारों पंजीकरण हो चुके हैं और श्रमिक कल्याण के लिए करोड़ों की धनराशि उपलब्ध है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *