देहरादून: स्टेज से अभद्र टिप्पणी, हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा पर कार्रवाई

उत्तराखंड देहरादून

देहरादून। डीपी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से कथित अमर्यादित भाषा के प्रयोग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ रविवार देर रात मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गायक को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब भी किया है।

जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मासूम शर्मा को प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि प्रस्तुति के दौरान उन्होंने सैकड़ों छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिसमें मां-बहन की गालियां तथा अन्य अश्लील शब्द शामिल थे। इस घटना को लेकर छात्रों और स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है, क्योंकि यह पूरा मामला एक शैक्षणिक परिसर से जुड़ा है।

इस संबंध में छात्र प्रतिनिधि सत्यम शिवम छात्र संगठन के प्रांजल नौनी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। शिकायत में कहा गया है कि गायक के इस व्यवहार से न केवल कॉलेज की मर्यादा को ठेस पहुंची है, बल्कि देहरादून शहर की छवि भी प्रभावित हुई है। साथ ही यह भी बताया गया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे उत्तराखंड और देशभर में लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राएं, अभिभावक और सामाजिक संगठन मिलकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

वहीं, एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि गायक को नोटिस उनके स्थायी पते पर डाक के माध्यम से भेजा गया है और साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी सूचना दी गई है। पुलिस ने गायक के खिलाफ धारा 296, 351(3), 352 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *