हल्द्वानी में अतिक्रमणकारियों पर बड़ा एक्शन, फुटपाथों से हटेंगे कब्जे और अवैध पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई

उत्तराखंड

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर पूरे जिले में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार कई शहरी क्षेत्रों में फुटपाथों पर दुकानों का विस्तार, रेहड़ी-फड़, निर्माण सामग्री का कब्जा और वाहनों की पार्किंग के कारण पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे लोगों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।

जिलाधिकारी ने एक माह के भीतर सभी नगर क्षेत्रों में फुटपाथों का विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। सर्वे के दौरान स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, क्षतिग्रस्त फुटपाथ और अन्य बाधाओं का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

अभियान के तहत नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें हर सप्ताह कार्रवाई करेंगी। अतिक्रमण करने वालों को पहले नोटिस दिया जाएगा और तय समय में कब्जा नहीं हटाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फुटपाथों की मरम्मत और सुगम आवागमन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासन ने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैम्प और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

प्रशासन ने साफ किया है कि फुटपाथों पर किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक नगर निकाय में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। वहीं आदेशों के पालन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *