देहरादून: रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार गाड़ी ने 19 वर्षीय युवक को मारी टक्कर, चेहरे की हड्डियां टूटीं, दो बड़ी सर्जरी

उत्तराखंड देहरादून

देहरादून। वसंत विहार क्षेत्र में रॉन्ग साइड से आए एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के चेहरे की कई हड्डियां टूट गईं और उसे दो बड़े ऑपरेशन कराने पड़े। मामले में घायल युवक के पिता ने बसंत विहार थाने में तहरीर देकर अज्ञात चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी शिकायत में ऋषि विहार, मेहूंवाला माफी निवासी मनोज कुमार ने बताया कि उनका पुत्र भव्य कुमार (19 वर्ष) घर से स्कूटी लेकर ऋषि विहार मार्केट स्थित खान मार्केट के पास गया था। वहां वह एक बाइक मिस्त्री की दुकान के पास खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान वाहन चालक रॉन्ग साइड से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और भव्य व उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

चेहरे और सिर की सर्जरी

हादसे में भव्य गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और अधिक रक्तस्राव के कारण बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए सुनंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिनर्जी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

शिकायत के अनुसार युवक 12 जून से 19 जून तक अस्पताल में भर्ती रहा। इस दौरान उसके चेहरे और सिर की सर्जरी की गई। दुर्घटना में चेहरे की लगभग सभी हड्डियां फ्रैक्चर हो गईं, नाक पूरी तरह टूट गई तथा एक आंख में भी गंभीर चोट आई है। युवक के दो ऑपरेशन किए गए हैं और उसका उपचार अभी भी जारी है।

पीड़ित के पिता ने पुलिस से मामले की जांच कर दुर्घटना के जिम्मेदार चालक की पहचान करने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *