ऋषिकेश में सनसनी: बेटे ने घरेलू विवाद में मां को मारी गोली, एम्स में जिंदगी की जंग

अपराध उत्तराखंड

ऋषिकेश । आईडीपीएल चौकी क्षेत्र की विस्थापित कॉलोनी में एक युवक ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी ही मां को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, आरोपी बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, विस्थापित कॉलोनी गली नंबर-3 निवासी उषा देवी और उनके बेटे सुमित गौड़ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक रूप ले गई और आरोप है कि गुस्से में सुमित ने अपनी मां पर गोली चला दी। गोली लगते ही उषा देवी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मंजर देखकर लोगों के होश उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी बेटा ही घायल मां को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। इसी बीच किसी स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी पुलिस टीम के साथ पहले घटनास्थल पर पहुंचे, जहां खून के निशान और अन्य साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस टीम एम्स पहुंची और घायल महिला की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

चौकी प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में विवाद के कारणों का पता नहीं चल सका है। महिला को गोली शरीर के किस हिस्से में लगी, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद होगी। साथ ही जिस हथियार से फायरिंग की गई, वह लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी जांच की जा रही है।

प्रथम दृष्टया पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और आशंका है कि उसने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

उधर, एम्स ऋषिकेश में उषा देवी का इलाज जारी है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए घटना से जुड़े हर पहलू की पड़ताल में जुटी है। मां पर बेटे द्वारा गोली चलाने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोगों में भय व आक्रोश का माहौल है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *