गोपेश्वर में बेकाबू ट्रक का कहर: बैरिकेड तोड़ भाग रहे चालक ने बाइक सवार मुकेश नेगी को कुचला, मौके पर मौत

उत्तराखंड

गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। यह हादसा लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था। जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए गोपेश्वर की ओर भाग रहा था। रास्ते में पटियालधार पुलिस चौकी पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर उसने मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश नेगी पुत्र कलम सिंह, निवासी लॉ कॉलेज के पास, गोपेश्वर के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मुकेश नेगी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *