मसूरी: एसडीएम कार्यालय परिसर में चट्टान गिरने से मचा हड़कंप

उत्तराखंड देहरादून

मसूरी। लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी आवास पर पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर (चट्टान) टूटकर सीधे भवन पर आ गिरा। चट्टान कमरे की दीवार तोड़ते हुए अंदर तक घुस गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद परिसर में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों में दहशत का माहौल है। यहां रह रहे पांच कर्मचारियों ने प्रशासन से परिवार सहित उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किए जाने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी में दरारें बढ़ रही हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि पहाड़ी के ऊपर बने बड़े पानी के टैंक और आसपास चल रहे निर्माण कार्य के कारण भी भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राहुल आनंद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने भी मौके का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को शीघ्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी हर आपदा के दौरान आम जनता की सहायता में जुटे रहते हैं, आज वही स्वयं आपदा के खतरे के बीच रहने को मजबूर हैं।

प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और भूस्खलन के जोखिम का आकलन शुरू कर दिया है। साथ ही पहाड़ी की स्थिति का तकनीकी निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *