नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड का मुख्यमंत्री धामी ने किया निरीक्षण, 12 घंटे में हुआ पुनर्निर्माण

उत्तराखंड देहरादून

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल के क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों से मौके पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कार्यस्थल पर पहुंचकर एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।

गौरतलब है कि नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए महज 12 घंटे के भीतर एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण पूरा कर लिया।

समय पर पुनर्निर्माण होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था जल्द सामान्य हो सकी और राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिली।

मुख्यमंत्री धामी ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुनर्निर्माण कार्य में शामिल अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा या सड़क से जुड़ी किसी भी आकस्मिक स्थिति में आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *