गंगोत्री हाईवे पर ब्रेक फेल होने से पलटा टेंपो ट्रेवल्स, 17 यात्री सवार

उत्तराखंड

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के पास रविवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रेवल्स वाहन अचानक ब्रेक फेल होने के बाद सड़क पर ही पलट गया। वाहन में गुजरात के 17 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की प्रारंभिक सूचना है।

जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष (DCR) से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रेवल्स संख्या UK-14 PA-5006 सोनगाड के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी 17 यात्री गुजरात के हैं और फिलहाल सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की सूचना है। घटना के बाद संबंधित विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पहाड़ी क्षेत्र में ब्रेक फेल होने के कारण हुआ यह हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। गनीमत रही कि वाहन सड़क से नीचे खाई में नहीं गिरा और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल हादसे के कारणों और यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *