आपसी समन्वय से तय समय-सीमा व गुणवत्ता के साथ कार्य करें सभी विभाग: महापौर श्री शम्भू पासवान
ऋषिकेश : नगर निगम ऋषिकेश कार्यालय परिसर स्थित महापौर कार्यालय कक्ष में महापौर श्री शम्भू पासवान की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर निगम के निर्माणाधीन नवीन कार्यालय भवन, पार्किंग निर्माण तथा क्षेत्र में संचालित विभिन्न विभागों के गतिमान विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर श्री शम्भू पासवान ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के अनुरूप नगर निगम ऋषिकेश के नवीन कार्यालय भवन, पार्किंग निर्माण कार्य को 18 माह की निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।
समीक्षा के दौरान नगर निगम के नवीन कार्यालय भवन की शेष बची 2 छतों का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा फसाड की ड्राइंग तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत संबंधी कार्यों पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए गए कि विद्युत लाइन को भूमिगत करने से पूर्व अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए तथा ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग व पैनल लगाने का कार्य भी शीघ्रतिशीघ्र शुरू किया जाए।
बैठक में त्रिवेणी घाट एवं आस्था पथ के विकास पर विशेष मंथन हुआ।
अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि त्रिवेणी घाट के सौन्दर्यीकरण का कार्य चन्द्रभागा नदी से गेट नंबर-02 तक दीपावली के बाद शुरू किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आस्था पथ पर बनने वाले शेड की ऊँचाई 4.5 मीटर रखने तथा आस्था पथ पर प्रस्तावित लिफ्ट सिस्टम शौचालय के निर्माण हेतु नगर निगम के अधिशासी अभियंता के साथ संयुक्त निरीक्षण कर जगह चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। चन्द्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण कार्य भी दीपावली के आस-पास प्रारंभ कर दिया जाएगा।
सीवर लाइन कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि आशुतोष नगर, बंगाली बस्ती और मायाकुंड क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने हेतु खुदाई का कार्य किया जाना है। इस पर महापौर ने कड़े निर्देश जारी किए कि स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खुदाई प्रारंभ करने से पूर्व अनिवार्य रूप से अग्रिम सूचना दी जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों व निर्माण एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी दल उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण से अधिशासी अभियंता सुनील कुमार एवं अवर अभियंता सुनील चंद उप्रेती शामिल रहे। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) से परियोजना प्रबंधक एस.के. सिंह, डी. सी. रमोला, परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट, आर.ई. प्रमोद सिंह, सहायक अभियंता/अवर अभियंता राजेश रावत, एसडीओ रुपेश एवं एसडीओ गुरदीप सिंह उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त वैपकॉस (WAPCOS) से परियोजना प्रबंधक पंकज मैठाणी, जीएम महालक्ष्मी बिल्डवेल दिग्विजय नेगी, अवर अभियंता (M.D. Ganga) अशोक सिंह, जल संस्थान से एई यूजेएस जगदीप रावत, यूएसएसडीए से परियोजना प्रबंधक सुजीत कुमार, शैलेंद्र नौटियाल, हरीश कुमार, विक्रम सिंह, तथा यूकेपीजेएन (गंगा/सीवर शाखा) से अवर अभियंता आशीष कुमार, रोहितश कुमार, ललित सिंह, दीपक वत्स, युवराज बेरी एवं कुलदीप सहित अन्य तकनीकी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
