बिग ब्रेकिंग: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी, पुलिस को दी गई शिकायत

उत्तराखंड

देहरादून। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में महेंद्र भट्ट की ओर से एसएसपी देहरादून को शिकायती पत्र सौंपा गया है।

शिकायत में बताया गया है कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार उनके निजी मोबाइल नंबर पर कॉल कर गाली-गलौज, अपशब्दों और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया।

आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी भी दी। कई बार समझाने के बावजूद आरोपी द्वारा लगातार कॉल कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि शिकायत पत्र में आशंका जताई गई है कि यह हरकत किसी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हो सकती है।

कॉल करने वाले व्यक्ति के व्यवहार से उसके अत्यधिक उत्तेजित स्वभाव का भी आभास होता है, जिससे महेंद्र भट्ट की राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने के साथ ही उनके जीवन को खतरा हो सकता है। शिकायत में आरोपी व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष के साथ अभद्र भाषा और जानलेवा धमकी की घटना को भाजपा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में इस तरह के व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जा सकता। देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा के खिलाफ ऐसी घटनाएं हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले में त्वरित जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी। साथ ही कहा कि इस तरह की धमकियों से भाजपा कार्यकर्ता अपने कर्तव्य पथ से विचलित नहीं होंगे और जनकल्याण व राज्य के विकास के लिए दोगुने उत्साह से कार्य करते रहेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *