ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई: 24 चालान, 17 वाहन सीज

उत्तराखंड

रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे जनपद में ओवरलोडिंग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया, जिसमें बड़ी संख्या में वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सघन चेकिंग कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ओवरलोड वाहनों की व्यापक जांच की गई, जिसमें कुल 24 वाहनों के चालान किए गए, 17 वाहनों को सीज किया गया और 14 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवहन नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाया गया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने लगातार चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों को चिन्हित किया और नियमानुसार कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित हो सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *