देहरादून। शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह ने स्कूलों में मोबाइल फोन के संतुलित उपयोग के निर्देश दिए। बुधवार को उन्होंने इसके विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए। स्कूलों में मोबाइल उपयोग के लिए सख्त मानक तय किए गए हैं। ये मानक स्वास्थ्य विभाग के परामर्श से तैयार किए गए हैं। इनका उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों में डिजिटल अनुशासन को बढ़ावा देना है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से समय तो बर्बाद होता ही है। स्वास्थ्य के लिहाज से शारीरिक व मानसिक दुष्प्रभाव भी होते हैं। जैसे आंखों में भी तनाव, नींद में बाधा और शारीरिक गतिविधियों में कमी आती है। उन्होंने बताया कि हर स्कूल के प्रशासनिक प्रमुख को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि मोबाइल का उपयोग शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालयी अनुशासन को प्रभावित न करे। छात्रों में डिजिटल व्यवहार में सुधार, तकनीकी जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ आदतें विकसित करने पर जोर दिया गया है। सभी विद्यालयों को इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। समय समय पर अभिभावकों को भी मोबाइल के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया जायेगा। इससे छात्र स्कूल के बाद अपने घर पर भी खुद को मोबाइल अनुशासन में रख सकें।