ऋषिकेश-देहरादून हाईवे पर हुई भीषण टक्कर में 05 घायल, काली मंदिर के पास हादसा

उत्तराखंड देहरादून

ऋषिकेश और देहरादून के बीच मंगलवार सुबह राजस्थान और मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों की बस सामने से आ रही स्थानीय यात्रियों से भरी बस से जा टकराई। बसों की टक्कर में हरियाणा नंबर की एक कार भी आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया, जबकि कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश कैलाश चंद्र भट्ट के अनुसार, राजस्थान और मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों की बस में 24 लोग सवार थे। बस देहरादून की तरफ जा रही थी। वहीं, स्थानीय सेवा की बस 24 सवारियों को लेकर ऋषिकेश की तरफ आ रही थी। काली मंदिर के पास स्थानीय सेवा की बस ओवरटेक करते समय सामने से आ रही बस से जा टकराई। उसी दौरान हरियाणा नंबर की कार भी चपेट में आ गई। उसमें कुल तीन लोग सवार थे।

कार सवार हादसे में बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं,
बस में सवार दो व्यक्तियों को मामूली चोट आई है। सुबह के समय हुए इस हादसे से ऋषिकेश-देहरादून हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *