चंडीगढ़ में ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की 118वीं बैठक संपन्न
19 राज्यों के महापौरों ने लिया हिस्सा, सुशासन, स्वच्छता एवं शहरी विकास पर हुआ मंथन
6 अक्टूबर: ऑल इंडिया मेयर काउंसिल (AIMC) की 118वीं बैठक का आयोजन चंडीगढ़ में किया गया। बैठक का शुभारंभ पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक माननीय श्री गुलाब चंद कटारिया ने किया। बैठक में देश के 19 राज्यों के महापौरों ने प्रतिभाग कर शहरी विकास, सुशासन, स्वच्छता एवं जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर श्री शंभू पासवान जी ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने देशभर से आए महापौरों के साथ नगर निकायों के सशक्तिकरण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था एवं शहरों के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव साझा किए।
महापौर श्री शंभू पासवान जी ने कहा कि ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की यह बैठक देश के विभिन्न नगर निकायों के बीच अनुभवों, नवाचारों और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से विभिन्न शहरों में किए जा रहे जनहितकारी कार्यों से सीख लेकर स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में सहायता मिलती है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के दौर में नगर निकायों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं और बेहतर नागरिक सेवाओं के लिए नगर निकायों को और अधिक सशक्त एवं सक्षम बनाया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर चंडीगढ़ नगर निगम के महापौर श्री सौरभ जोशी को बैठक के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक में “जनसेवा का संकल्प, विकास की नई दिशा” एवं “सशक्त शहर, विकसित भारत” के संकल्प को दोहराते हुए देश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित, आधुनिक एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
बैठक में देशभर से आए महापौर, नगर निकायों के जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
