गुजरात में भीषण हादसा, उत्तराखंड के एक परिवार के 7 लोगों की मौत

उत्तराखंड राष्ट्रीय

हल्द्वानी, 22 नवंबर। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-गांधीधाम हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ट्रक और कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के कारण हुआ।

मृतकों में सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की मासूम बेटी शिविका शामिल हैं। बताया गया है कि सौरभ सिंह नेगी गढ़वाल रेजिमेंट में जवान थे।

हादसे में राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाई (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी जान चली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य यात्रा पर थे। इसी दौरान देर रात भुज-गांधीधाम हाईवे पर उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सातों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस हृदयविदारक घटना की खबर से पौड़ी गढ़वाल सहित पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। एक ही परिवार के सात लोगों, जिनमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं, की मौत से परिजनों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *