रुद्रपुर में लीलाधर हत्याकांड का एक और आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

अपराध उत्तराखंड

रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड की हत्या के मामले में अब तक तीन आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने 315 बोर का तमंचा और कारतूस किए बरामद

रुद्रपुर। रेशमबाड़ी क्षेत्र में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हत्याकांड के आरोपित शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस और आरोपित का आमना-सामना हुआ। इस दौरान हुई मुठभेड़ में शिवम के पैर में गोली लग गई। लीलाधर हत्याकांड में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिनमें से अब तक तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि गुरुवार रात फैक्ट्री में ड्यूटी पूरी कर घर लौटे लीलाधर के भांजे अनुज का दूधिया नगर निवासी विनोद कश्यप से बाइक की चाबी निकालने को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद विनोद अपने साथियों के साथ अनुज का पीछा करते हुए रेशमबाड़ी स्थित उसके घर पहुंच गया।

आरोप है कि यहां हमलावर जबरन घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लीलाधर पर भी हमलावरों ने चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल लीलाधर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हमले में अनुज, राहुल और राम अवतार भी घायल हुए थे।

पुलिस ने इस मामले में विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बगवाड़ा मंडी के पास से रेशमबाड़ी निवासी सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह और विनोद कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था।

शनिवार को शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर की गिरफ्तारी के साथ ही इस हत्याकांड में अब तक तीन आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *