भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवती की मौत

उत्तराखंड

हरिद्वार। भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। हादसा एवरेस्ट कंपनी के सामने हुआ, जहां बाइक से जा रही युवती ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव निवासी दीपा (22) अपने एक परिचित के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थी। बताया जा रहा है कि बाइक जब भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में एवरेस्ट कंपनी के सामने पहुंची, तभी चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया।

इसी दौरान बाइक का हैंडल ट्रक के एक हिस्से से टकरा गया। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान दीपा ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। भारी वाहन के पहिए के नीचे आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घायल युवती को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *