कैंची धाम मेला 2026: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन का बड़ा ऐलान

उत्तराखंड

हल्द्वानी/नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले-2026, पर्यटन सीजन और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी आमद को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष व्यवस्थाएं लागू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मुन्ना सिंह टी.सी. के निर्देश पर 11 जून से 16 जून तक यात्रा मार्गों पर स्थित प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों को मध्यरात्रि तक खुले रखने की अनुमति दी गई है, ताकि कैंची धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस प्रशासन के अनुसार नैनीताल, भीमताल, भवाली, रामनगर, हल्द्वानी और काठगोदाम सहित यात्रा मार्गों से जुड़े प्रमुख बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को देर रात तक संचालित किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भोजन, पेयजल, दवाइयां, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अन्य आवश्यक सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना है।

कैंची धाम मेले के दौरान हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालन समय में विशेष छूट दी गई है, जिससे यात्रा मार्गों पर सुविधाओं की उपलब्धता बनी रहे। एसएसपी डॉ. मुन्ना सिंह टी.सी. ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि देर रात तक खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। नैनीताल पुलिस का कहना है कि कैंची धाम मेला, पर्यटन सीजन और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *