अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर देहरादून में कांग्रेस की बाइक रैली, घंटाघर पर करेगी प्रदर्शन

उत्तराखंड देहरादून

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस शुक्रवार, 16 अक्टूबर को देहरादून में बाइक रैली निकाल रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रस्तावित यह रैली शिमला बाईपास चौक से शुरू होगी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता घंटाघर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

कांग्रेस इस आंदोलन के जरिए दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने का विरोध भी कर रही है। पार्टी की मांग है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए। कांग्रेस का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति पर रोक लगाई जानी चाहिए।

प्रदेश से राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन तेज करने की तैयारी

कांग्रेस ने इस मामले को लेकर प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और मामले में सामने आए सवालों की जांच सुनिश्चित करने के लिए दबाव बनाया जाएगा। बाइक रैली और घंटाघर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

दिल्ली में अंकिता के माता-पिता ने उठाई न्याय की मांग

अंकिता भंडारी के माता-पिता भी न्याय की मांग को लेकर दिल्ली में धरने पर बैठे। बुधवार को इंडिया गेट पर हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनसे मुलाकात की थी। वहीं, सिक्किम विश्वविद्यालय के छात्र संगठनों ने भी दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया है।

लोकभवन के बाहर प्रदर्शन के दौरान 60 नेता हिरासत में

इससे पहले गुरुवार को भी कांग्रेस ने देहरादून में लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया था। करीब ढाई घंटे तक चले विरोध-प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समेत करीब 60 नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की जांच और न्याय की मांग को लेकर उसका विरोध जारी रहेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *