देहरादून में साइबर ठगों का आतंक, दो लोगों के खातों से उड़ाए 4.05 लाख रुपये

अपराध उत्तराखंड देहरादून

वसंत विहार और राजपुर थाना पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे, अज्ञात साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

देहरादून। राजधानी देहरादून में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ऑनलाइन भुगतान और बैंकिंग सुविधाओं का इस्तेमाल करने वाले लोग लगातार साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। ताजा दो मामलों में साइबर ठगों ने अलग-अलग लोगों के बैंक खातों से कुल 4.05 लाख रुपये की रकम पार कर दी। पीड़ितों की शिकायत पर वसंत विहार और राजपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में विजय पार्क, बल्लूपुर रोड निवासी 64 वर्षीय जसपाल सिंह ने वसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक में उनका खाता है। बीती पांच नवंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी करते हुए उनके बैंक खाते से 1.31 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में उन्हें इस लेनदेन की जानकारी नहीं हुई। बाद में खाते से रकम निकलने का पता चलने पर उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

वहीं, साइबर ठगी का दूसरा मामला सहस्रधारा रोड निवासी चंद्र प्रकाश शर्मा से जुड़ा है। उन्होंने राजपुर थाने में शिकायत देकर बताया कि वह मोबाइल भुगतान के लिए पेटीएम एप का इस्तेमाल करते हैं। भुगतान करने में परेशानी होने पर वह 27 सितंबर को बैंक पहुंचे। वहां खातों की जांच कराने पर पता चला कि 19 सितंबर को उनके तीन बैंक खातों से कुल 2.73 लाख रुपये की रकम निकाल ली गई है। पीड़ित के अनुसार, यह लेनदेन उनकी जानकारी और अनुमति के बिना किए गए।

दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अब बैंक खातों से हुए संदिग्ध लेनदेन, संबंधित बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *