आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने को मिला हरीश रावत का समर्थन, बोले- सरकार बढ़ाए मानदेय और दे सम्मान

उत्तराखंड देहरादून

देहरादून। उत्तराखंड में मानदेय वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का समर्थन मिला। मंगलवार को हरीश रावत आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड के धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने धरनारत कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर उनकी मांगों का समर्थन किया और उनका मनोबल बढ़ाया।

इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि महिला सशक्तीकरण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही हैं। महिला समाख्या जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयास किए गए, लेकिन वर्तमान सरकार ने ऐसे कार्यक्रमों को समाप्त कर दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महंगाई लगातार बढ़ रही है। रसोई से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक हर चीज महंगी हो चुकी है। इसके बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलने वाला मानदेय उनकी मेहनत, जिम्मेदारियों और कार्यभार के अनुरूप नहीं है। सरकार को उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार का दृष्टिकोण मानवीय होना चाहिए। कर्मचारियों से जुड़े फैसले केवल आंकड़ों और गणित के आधार पर नहीं लिए जाने चाहिए, बल्कि उनकी आर्थिक परिस्थितियों, मेहनत और जरूरतों को भी समझना चाहिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके काम के अनुरूप सम्मान और उचित मानदेय मिलना चाहिए।

हरीश रावत ने सरकार से आंगनबाड़ी कर्मचारी नेताओं रेखा दीदी और कुशिला खत्याड़ी को वार्ता के लिए बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर ऐसा रास्ता निकालना चाहिए, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मान के साथ अपनी दिवाली मना सकें।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महज 9 हजार रुपये के मानदेय पर काम करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उनके योगदान को देखते हुए मानदेय में उचित बढ़ोतरी जरूरी है। हरीश रावत ने कहा कि इस मुद्दे पर उन्हें किसी भी तरह के राजनीतिक विरोध या आलोचना की परवाह नहीं है। वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हक और सम्मान की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *