ऋषिकेश में स्कूली बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई, बड़ा हादसा टला; तीन घायल

उत्तराखंड

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, बस में सवार थे 30 लोग; पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, मधुबन आश्रम में की ठहरने और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के मुनि की रेती क्षेत्र में शनिवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। पीडब्ल्यूडी तिराहे पर हुए इस हादसे में बस चालक, हेल्पर और विद्यालय की प्रधानाचार्य घायल हो गए। गनीमत रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं और पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को सुबह करीब 9:40 बजे फिरोजाबाद स्थित पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस (UP 83 AT 8300) छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को लेकर लक्ष्मणझूला क्षेत्र में भ्रमण एवं स्नान के लिए जा रही थी। बस में कुल 30 लोग सवार थे। इसी दौरान मुनि की रेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक ब्रेक फेल होने से बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे दीवार से जा टकराई।

हादसे की सूचना मिलते ही मुनि की रेती पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया।

बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने की विशेष व्यवस्था

एसएसआई मुनि की रेती योगेश पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मधुबन आश्रम में उनके ठहरने और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था कराई गई है। पुलिस शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर बच्चों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित कर रही है।

पहले भी सामने आ चुकी है ओवरलोडिंग की शिकायत

गौरतलब है कि इस बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां होने का मामला पहले भी सामने आया था। पूर्व में एआरटीओ रश्मि पंत ने कार्रवाई करते हुए बस से 21 अतिरिक्त सवारियों को उतरवाया था और ओवरलोडिंग के आरोप में चालान भी किया था।

वहीं, पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क की अधिक ढलान को भी दुर्घटनाओं का एक संभावित कारण माना जा रहा है। इस स्थान पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। पुलिस की ओर से पूर्व में संबंधित विभाग को सड़क दुरुस्त कराने के लिए पत्र भेजा जा चुका है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *