देहरादून में पुलिस का सत्यापन अभियान तेज, 1000 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन

उत्तराखंड देहरादून

78 भवन स्वामियों पर 7.80 लाख रुपये का जुर्माना, नियमों का उल्लंघन करने वाले 27 लोगों के चालान

संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने की आशंका पर 21 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 4 नवंबर को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई इलाकों में अभियान चलाकर 1000 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया।

अभियान के तहत पटेलनगर थाना क्षेत्र के देहराखास, बंजारावाला, चमनपुरी और ब्रह्मपुरी सहित नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के नई बस्ती रेसकोर्स और ऑफिसर्स कॉलोनी आदि क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर सत्यापन की कार्रवाई की। इस दौरान बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई गई।

पुलिस ने पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे सात अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया। पुलिस ने इन अभियुक्तों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।

सत्यापन के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने 78 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 7 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले 27 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए 13,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसके अतिरिक्त, अभियान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते मिले 21 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जहां उनसे आवश्यक पूछताछ करते हुए सत्यापन की कार्रवाई की गई।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही मकान मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और घरेलू सहायकों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *