‘आपकी बबलियों की तस्वीर लगाकर उन्हें बबलियां लिखा जाए तो आपको कैसा लगेगा?’ सोशल मीडिया पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री पर लगाए कई गंभीर आरोप
देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। रेखा आर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक लंबी पोस्ट साझा कर हरीश रावत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने रावत की राजनीतिक कार्यशैली, मुख्यमंत्री पद की महत्वाकांक्षा और उनके कार्यकाल को लेकर कई सवाल उठाए हैं। साथ ही पोस्ट में व्यक्तिगत टिप्पणियां करते हुए उन्हें कई तीखे विशेषणों से भी संबोधित किया है।
रेखा आर्य ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें उम्मीद थी कि उम्र के इस पड़ाव पर हरीश रावत पहाड़ की बेटी के दर्द को समझेंगे, लेकिन वे ऐसा करने के बजाय 210 करोड़ रुपये के मुद्दे पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी की ललक में रावत पहाड़ की बेटी की पीड़ा को समझने से चूक गए हैं।
‘आपकी बबलियों की तस्वीर लगाकर उन्हें बबलियां लिखा जाए तो कैसा लगेगा?’
रेखा आर्य ने अपनी पोस्ट में ‘बबली’ शब्द के इस्तेमाल पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी नेता के परिवार की महिलाओं की तस्वीरें लगाकर उनके लिए इसी तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया जाए तो उन्हें कैसा महसूस होगा। उन्होंने लिखा, “आपकी बबलियों की तस्वीर लगाकर उन्हें बबलियां लिखा जाए तो आपको कैसा लगेगा?”
इस दौरान उन्होंने हरीश रावत के पुराने राजनीतिक कार्यकाल और उनके आसपास सत्ता संचालन को लेकर भी कटाक्ष किया।
2016 के घटनाक्रम और भ्रष्टाचार के आरोपों का किया जिक्र
कैबिनेट मंत्री ने अपनी पोस्ट में वर्ष 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान करीब एक दर्जन विधायकों ने हरीश रावत की सरकार से किनारा कर लिया था। उन्होंने इसे रावत के राजनीतिक कार्यकाल का काला अध्याय बताया।
इसके अलावा रेखा आर्य ने हरीश रावत के कार्यकाल में कथित भ्रष्टाचार और नीतिगत फैसलों को लेकर भी कई आरोप लगाए। उन्होंने एक कथित वीडियो का हवाला देते हुए दावा किया कि उसमें रावत के सचिव विभाग की नीति बदलवाने को लेकर बातचीत करते सुनाई दिए थे। उन्होंने ‘डेनिस बाबा’ प्रकरण, नैनीताल की भूमि और गंगा किनारे खनन से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया।
रेखा आर्य ने अपने आरोपों में तंत्र-मंत्र और अन्य गतिविधियों पर सरकारी धन खर्च किए जाने का मुद्दा भी उठाया। हालांकि, पोस्ट में लगाए गए इन आरोपों को लेकर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
कांग्रेस नेतृत्व को लेकर भी साधा निशाना
रेखा आर्य ने पोस्ट में कांग्रेस के अंदरूनी राजनीतिक हालात पर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि हरीश रावत इन दिनों पार्टी हाईकमान से मुलाकात का समय मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें समय नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब हरीश रावत की जरूरत महसूस नहीं हो रही है।
पोस्ट के अंत में रेखा आर्य ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि हरीश रावत को अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके परिवार की संपत्तियों और कमाई के स्रोतों को लेकर सवाल उठाए जाएंगे तो वह भी उसका जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगी।
रेखा आर्य की इस तीखी पोस्ट के बाद उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। अब देखना होगा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत इस हमले पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
