हल्द्वानी : कलसिया पुल के पास चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, स्थायी पुल निर्माण का रास्ता हुआ साफ

उत्तराखंड

हल्द्वानी: काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के आसपास प्रशासन और नगर निगम ने सोमवार को संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों की मदद से पुल के आसपास किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

प्रशासन के अनुसार मानसून से पहले कलसिया पुल के स्थायी निर्माण कार्य को पूरा करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के कारण पुल की स्थिति प्रभावित हो गई थी, जिसके बाद वर्तमान में यातायात व्यवस्था वैकल्पिक बेली ब्रिज के माध्यम से संचालित की जा रही है।

कलसिया पुल कुमाऊं मंडल के छह जिलों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रशासन का कहना है कि स्थायी पुल निर्माण के लिए पुल के आसपास किए गए अतिक्रमणों को हटाना आवश्यक था। इसके लिए संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमवार को संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि मानसून शुरू होने से पहले स्थायी पुल निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पुल के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होगी तथा लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब स्थायी पुल निर्माण का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही नया पुल तैयार कर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *