सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप

उत्तराखंड

हल्द्वानी। सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद 17 वर्षीय किशोरी ने मेरठ निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। किशोरी की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान मेरठ निवासी युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवक हल्द्वानी और नैनीताल आया और किशोरी को अलग-अलग स्थानों पर ले गया।

किशोरी का आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिया और इसी दौरान उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक जुलाई 2025 में आरोपी ने अचानक उससे बातचीत बंद कर दी। काफी समय तक संपर्क नहीं होने के बाद किशोरी आरोपी के मेरठ स्थित घर पहुंची।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां युवक के परिवार के सदस्यों ने किशोरी को बालिग होने के बाद उसकी शादी आरोपी से कराने का भरोसा दिया, जिसके बाद वह वापस हल्द्वानी लौट आई। आरोप है कि बाद में आरोपी और उसके परिवार ने शादी करने से इनकार कर दिया।

इसके बाद किशोरी ने हल्द्वानी पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उसकी तहरीर के आधार पर 2 सितंबर को आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नाबालिग से संबंधित मामला होने के कारण पुलिस पीड़िता के बयान समेत प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *