एड्स जागरूकता को लेकर देहरादून में राज्य स्तरीय ‘रेड रन’: स्पोर्ट्स कॉलेज के अमरदीप और तनुशी पहले

उत्तराखंड खेल देहरादून

17 से 25 वर्ष के छात्र-छात्राओं ने दौड़ से एचआईवी नियंत्रण का संदेश दिया; विजेताओं को 10 हजार, 7,500 और 5 हजार के पुरस्कार

देहरादून। एचआईवी/एड्स नियंत्रण और जागरूकता के लिए रविवार को देहरादून में राज्य स्तरीय ‘रेड रन’ मैराथन हुई। उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दौड़ का शुभारंभ सुबह 7 बजे फ्लैग ऑफ के साथ हुआ।

दौड़ का आरंभ उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के बेसिक सर्विस अनुभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने किया। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। युवा संक्रमण के कारण, बचाव और उपचार की सही जानकारी लें और समाज तक पहुंचाएं। उन्होंने जोर दिया कि संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए, उन्हें सम्मान और सहयोग मिलना चाहिए। प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे ‘सही जानकारी अपनाएं, भेदभाव मिटाएं और एचआईवी/एड्स की रोकथाम में भागीदार बनें।’

प्रतियोगिता में 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। रूट यामाहा शोरूम के निकट पेट्रोल पंप से शुरू होकर कैनाल रोड, एनआईईपीवीडी, बाला सुंदरी मंदिर, स्कॉलर होम बैक गेट, इंदरबाबा मार्ग और पॉलिटेक्निक के पास से होते हुए फिर यामाहा शोरूम पर समाप्त हुआ।

पुरुष वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज के अमरदीप पहले, फैजान दूसरे और मुकेश तीसरे रहे। महिला वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज की तनुशी चौहान ने पहला, रितिका रावत ने दूसरा और सोनाली डोडियाल ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर क्रमशः ₹10,000, ₹7,500 और ₹5,000 के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

मैराथन में स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर से फुटबॉल प्रशिक्षक पंकज भट्ट, हॉकी प्रशिक्षक पंकज रावत, क्रिकेट प्रशिक्षक हरप्रीत सिंह, पंकज पोखरियाल, उमेश सिंह गढ़िया और करन प्रजापति समेत अन्य प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

उप निदेशक वित्त महेंद्र कुमार ने धन्यवाद देते हुए कहा कि रेड रन का मकसद युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना और एचआईवी/एड्स से बचाव, जागरूकता तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *