‘सेवा पखवाड़ा’ में उमड़ी जनभागीदारी, 20 हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा।

उत्तराखंड देहरादून

सेवा, सुशासन और समर्पण का सशक्त संदेश बना ‘सेवा पखवाड़ा’, 20 हजार से अधिक लोगों की रही सहभागिता।

ऋषिकेश। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री के सफल 5 वर्ष के कार्यकाल पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में देहरादून, हरिद्वार एवं टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से सेवाएं प्रदान कीं। ‘इंटीग्रेटेड एफर्ट’ (एकीकृत प्रयास) के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के दौरान 3,500 से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में 1009 मरीजों का उपचार:-विशाल स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1009 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया। इनमें 212 हड्डी रोगियों, 70 स्त्री रोगियों तथा 81 नेत्र, नाक एवं कान संबंधी रोगियों का उपचार शामिल रहा। शिविर में 13 बच्चों का टीकाकरण किया गया, 15 आयुष्मान कार्ड तथा 20 आभा कार्ड बनाए गए। साथ ही 95 एक्स-रे और 70 रक्त जांचें की गईं। आयुष विभाग ने 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया, जबकि 23 दिव्यांग प्रमाण पत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण भी किया गया।

समाज कल्याण एवं अन्य विभागों ने पहुंचाया योजनाओं का लाभ:-समाज कल्याण विभाग ने विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग श्रेणी के 75 लोगों की पेंशन मौके पर स्वीकृत की तथा 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए। इसके अलावा 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन एवं लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने लगभग 1200 से अधिक लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित:- राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने प्रदेश के उत्कृष्ट लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक समूह को ₹5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इसके अलावा कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया गया। चयनित युवाओं को लगभग ₹1 लाख प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार मिला है, जिसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया गया।

कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के एक, उद्यान विभाग के एक, उद्योग विभाग के तीन तथा डेयरी विभाग के एक लाभार्थी को भी अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *