रामनगर: उत्तराखंड के रामनगर स्थित फाटो वन क्षेत्र में बाघ के हमले में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपनी मां और चचेरे भाई के साथ जंगल में काम कर रहा था, तभी अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर जंगल के भीतर ले गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर फाटो वन गुज्जर खत्ते में कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के पास दिलशाद (22), पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा, अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान जंगल से निकले बाघ ने अचानक दिलशाद पर हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ उसे घसीटकर जंगल के भीतर ले गया।
युवक पर बाघ के हमले के बाद परिजनों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दिलशाद का शव जंगल के भीतर बरामद हुआ।
मृतक के मामा मोहम्मद याकूब के अनुसार, बाघ सफारी वाली सड़क से निकलकर आया था और उसने अचानक दिलशाद पर हमला कर दिया। वहीं, फाटो रेंज अधिकारी कृपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना उत्तरी फाटो बीट के कक्ष संख्या 43 में हुई है। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम सहित आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद वन गुज्जर परिवारों में भय का माहौल है। इस हादसे ने जंगलों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
