रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर आधी रात दर्दनाक हादसा हो गया। एक कार के 250 मीटर गहरी खाई में गिरने से तीन युवकों की मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
पुलिस के मुताबिक मध्यरात्रि समय 23:54 बजे सूचना प्राप्त हुई कि भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक वाहन संख्या यूके 13 टीए 1991 अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। सूचना के अनुसार वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था।
सूचना एसडीआरएफ नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्तमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल हेतु रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर ज्ञात हुआ कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। वाहन में कुल 03 व्यक्ति सवार थे, जिनकी दुर्घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।
एसडीआरएफ टीम द्वारा त्वरित राहत एवं बचाव कार्य करते हुए शवों को खाई से निकालने का अभियान प्रारंभ किया गया, जिसमें अब तक 01 शव को निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया गया है, जबकि शेष शवों को निकालने की कार्यवाही जारी है।
इस हादसे में मृतकों की शिनाख्त:
- नवीन सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी औरिंग, रुद्रप्रयाग
- अमित सिंह पुत्र आनंद सिंह, उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी सुरसाल, रुद्रप्रयाग
- अंशुल पुत्र धनपाल, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी सुरसाल, रुद्रप्रयाग
स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।