हल्द्वानी में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, मैकेनिक समेत चार गिरफ्तार; छह बाइक बरामद

उत्तराखंड

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में तीन युवक बाइक चोरी करते थे, जबकि चौथा आरोपी मोटरसाइकिल मैकेनिक है, जो चोरी के वाहनों को खरीदकर बेचने और उनके पार्ट्स अलग-अलग कर खपाने का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, बनभूलपुरा क्षेत्र के इंद्रानगर काटा निवासी नाजिम ने 11 अक्टूबर 2026 को अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP25Q4376) घर के बाहर से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा संख्या 171/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। वहीं, 24 अक्टूबर को गांधी स्कूल के पास वाली गली निवासी निजाम ने उत्तर उजाला क्षेत्र से अपनी मोटरसाइकिल (UP22AJ5716) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में भी मुकदमा संख्या 185/2026 दर्ज किया गया था।

लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 5 नवंबर को गौला बाईपास रोड पर तीन युवकों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने करन पाठक (20) निवासी आरटीओ रोड, पाल कॉलेज, मुखानी; योगेश कुमार आर्या (21) निवासी प्रेमपुर लोश्यानी, मुखानी; दीपक शर्मा (21) निवासी फूलचौड़ इंटर कॉलेज के पास, आरटीओ रोड और विजय श्रीवास्तव (22) निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार किया है। विजय श्रीवास्तव पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक बताया गया है।

हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल से चुराई थीं बाइकें

पुलिस ने पहले तीन आरोपियों के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर प्लस समेत तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं। ये वाहन बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित बताए गए हैं। वहीं, चौथे आरोपी विजय श्रीवास्तव के कब्जे से स्प्लेंडर प्रो, स्प्लेंडर प्लस और पल्सर सहित तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। ये वाहन काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्र से चोरी किए गए थे।

मैकेनिक के जरिए बेचते थे चोरी के वाहन

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की बाइकें विजय श्रीवास्तव को बेच देते थे। आरोप है कि विजय उत्तर प्रदेश से खरीदार बुलाकर चोरी की मोटरसाइकिलें बेचता था या उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बाजार में खपा देता था। इससे मिलने वाली रकम सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के अनुसार, करन पाठक, योगेश कुमार आर्या और दीपक शर्मा के खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में भी मुकदमा संख्या 122/2026 धारा 303(2), 317(2) और 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज यादव, हेड कांस्टेबल आनंद पुरी तथा कांस्टेबल दिलशाद अहमद, रविन्द्र खाती, महबूब अली, रोहित कुमार, प्रेम प्रकाश और सुनील कुमार शामिल रहे। वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर छह मोटरसाइकिलें बरामद करने वाली पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *