उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने लगी है और मंगलवार से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

अन्य पर्वतीय जिलों में भी हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बदलाव का असर प्रदेशभर के तापमान पर पड़ेगा। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राजधानी देहरादून में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली है। रविवार को जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार को यह घटकर 37.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार तीन मई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *