अवैध खनन रोकने पर वन कर्मी को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, गंभीर घायल

उत्तराखंड देहरादून

खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर ट्राली रोकने पर चालक ने किया जानलेवा प्रयास, घायल वन कर्मी अस्पताल में भर्ती

Dehradun: कालसी वन प्रभाग क्षेत्र में अवैध खनन माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वह अब सरकारी कार्मिकों पर जानलेवा हमला करने से भी पीछे नहीं हट रहे। जो साफ दर्शाता है कि माफिया को किस कदर संरक्षण प्राप्त है। मोट नदी क्षेत्र में अवैध खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर देर रात जानलेवा हमला कर दिया गया। खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर ट्राली रोकने पर चालक ने वन कर्मी पर ही वाहन चढ़ाने की कोशिश कर दी।

जान बचाने के प्रयास में वन कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में वन विभाग ने आरोपी चालक के खिलाफ सहसपुर कोतवाली में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अवैध खनन रोकने पहुंची थी टीम

जानकारी के अनुसार कालसी भूमि संरक्षण वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज के चांदपुर अनुभाग अंतर्गत डोबरी प्रथम बीट क्षेत्र में स्थित मोट नदी में अवैध खनन की सूचना वन विभाग को मिली थी। रेंजर पंकज ध्यानी के निर्देश पर वन बीट अधिकारी मोहम्मद इनाम, विपिन सिंह चौहान और फायर वाचर साहिल की टीम बुधवार देर रात मौके पर पहुंची।

मौके पर कुछ मजदूर ट्रैक्टर ट्राली में अवैध रूप से एकत्र किए गए पत्थर भरते मिले। टीम ने जब ट्रैक्टर ट्राली को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन तेज रफ्तार में दौड़ा दिया। आरोप है कि चालक ने सीधे वन बीट अधिकारी मोहम्मद इनाम को निशाना बनाते हुए ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की।

बाल-बाल बची जान, पैर में लगी गंभीर चोट

वन कर्मी मोहम्मद इनाम ने किसी तरह खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनके पैर में गंभीर चोट आ गई। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना ने वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ट्रैक्टर लेकर फरार हुआ चालक, बाद में वाहन कब्जे में

बताया गया कि आरोपी चालक पंकज ट्रैक्टर ट्राली को मौके से भगा ले जाने में कामयाब रहा। गुरुवार को अनुभाग अधिकारी चांदपुर वन विभाग की टीम के साथ ग्राम सोरना स्थित ट्रैक्टर मालिक रोहित उर्फ देसी के घर पहुंचे, जहां से ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया। रेंजर पंकज ध्यानी ने बताया कि आरोपी चालक पंकज के खिलाफ सहसपुर कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

पहले भी हो चुके हैं हमले

मोट नदी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पहले भी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद खनन माफिया के हौसले कम नहीं हो रहे। वन विभाग ने क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ अभियान तेज करते हुए दो अन्य ट्रैक्टर मालिकों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए हैं, जबकि दो ट्रैक्टर सीज किए गए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *