नर्सिंग आंदोलन खत्म होने पर भाजपा ने जताया स्वागत, कांग्रेस पर युवाओं को भड़काने का आरोप

उत्तराखंड देहरादून

देहरादून: देहरादून में नर्सिंग बेरोजगारों के आंदोलन के समाप्त होने पर भाजपा ने स्वागत जताते हुए इसे सकारात्मक पहल बताया है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस नेत्री द्वारा आंदोलन के दौरान स्वयं पर पेट्रोल डालने की घटना को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। भाजपा का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां आंदोलनकारी युवाओं को आत्मघाती कदम उठाने के लिए उकसाती हैं, जो बेहद चिंताजनक है।

भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि सरकार और आंदोलनकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद आंदोलन समाप्त होना स्वागत योग्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही युवाओं के हित में इस पूरे मामले का समाधान निकालेंगे।

चमोली ने आंदोलनकारी युवाओं से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा सरकार और संगठन दोनों युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर और संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार संवाद के जरिए समाधान की दिशा में काम कर रही है।

इस दौरान भाजपा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। विनोद चमोली ने कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी का आंदोलन में अराजक भूमिका निभाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपनी नेत्री को आगे कर आंदोलनकारी युवाओं को आत्मदाह जैसे खतरनाक कदमों की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी नेता द्वारा खुद पर पेट्रोल डालना गलत संदेश देता है और इससे समाज में नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। भाजपा नेता ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से अपील की कि वे अपनी पार्टी की नेताओं को इस तरह के कदम उठाने से रोकें और आंदोलन को सकारात्मक दिशा में ले जाएं।

चमोली ने कहा कि यदि कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार से बातचीत करना चाहती है तो मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री संवाद के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश हित में समाधान और संवाद का रास्ता ही सबसे बेहतर विकल्प है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *