प्रेमनगर क्षेत्र के टी-स्टेट में चेकिंग के दौरान पुलिस पर बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में लगी गोली; तमंचा, मोटरसाइकिल और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद
देहरादून। राजधानी देहरादून में गौकशी और गौतस्करी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार देर रात थाना प्रेमनगर क्षेत्र के ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शातिर आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 की देर रात ठाकुरपुर रोड पर टी-स्टेट के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों रुकने के बजाय पुलिस को पिस्तौल दिखाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट क्षेत्र में पहुंचने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वहीं, दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान इरशाद पुत्र मोहम्मद जमशेद, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान शमीम पुत्र अज्ञात, निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल इरशाद ने इसी माह थाना प्रेमनगर क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर गौकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस द्वारा घायल आरोपी से अन्य घटनाओं और उसके साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
मौके से हथियार और गौकशी के औजार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UK-17-J-0297, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी भी बरामद की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा घायल आरोपी के संबंध में जानकारी ली। फिलहाल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कॉम्बिंग जारी है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
