दीपावली पर नैनीताल में 13 क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट तैनात, 6 से 11 नवंबर तक रहेगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था

उत्तराखंड

आतिशबाजी की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रहेगी कड़ी निगरानी, फायर ब्रिगेड और अग्निशमन उपकरणों को अलर्ट रहने के निर्देश

नैनीताल। दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 13 प्रमुख क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के अनुसार, दीपावली का प्रमुख पर्व 6 से 11 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। इस दौरान आतिशबाजी की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर विशेष नजर रखी जाएगी। साथ ही संवेदनशील एवं विवाद की आशंका वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नैनीताल से रामनगर तक 13 क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती

जिला प्रशासन ने जनपद के 13 क्षेत्रों में अलग-अलग अधिकारियों को मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें नैनीताल, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी नगर, हल्द्वानी ग्रामीण, श्री कैंचीधाम, धारी, लालकुआं, कालाढूंगी, रामनगर, काठगोदाम, बैतालघाट और खनस्यूं शामिल हैं।

तैनात अधिकारियों को दीपावली से तीन दिन पहले से ही अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

पटाखों की बिक्री और भंडारण पर रहेगी कड़ी निगरानी

दीपावली के दौरान पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री की बिक्री, भंडारण और परिवहन में निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। प्रशासन ने असामाजिक तत्वों द्वारा शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए संवेदनशील और विवाद संभावित स्थानों को पहले से चिह्नित कर आवश्यक एहतियाती कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

फायर ब्रिगेड और अग्निशमन उपकरण रहेंगे अलर्ट

त्योहार के दौरान आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सभी फायर ब्रिगेड वाहनों और अग्निशमन उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखने के साथ ही हाइड्रेंट्स की जांच कर उनकी उपलब्धता और क्रियाशीलता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे तैनात अधिकारी

जिलाधिकारी ने सभी मजिस्ट्रेटों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और तैनाती स्थल पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है। किसी भी असामान्य परिस्थिति या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया है।

इसके अलावा दीपावली से पहले सभी समुदायों के सम्मानित नागरिकों, समितियों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करेंगे, ताकि दीपावली का पर्व जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *