कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने मैदान में उतरे एसएसपी दून, ऋषिकेश-रायवाला में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उत्तराखंड देहरादून

श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से किया स्वागत, फल-मिष्ठान और पेय पदार्थ वितरित कर दी सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं

देहरादून/ऋषिकेश। कांवड़ मेले के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शनिवार को खुद मैदान में उतरकर ऋषिकेश, रायवाला और रानीपोखरी क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मेले के लिए की गई पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कांवड़ मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी यात्रा और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद श्रद्धालुओं को फल, मिष्ठान और पेय पदार्थ वितरित किए तथा उनकी सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

पुलिसकर्मियों का बढ़ाया उत्साह

एसएसपी ने कांवड़ मेले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से भी बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने तथा पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

भीड़ बढ़ने पर विशेष सतर्कता के निर्देश

कांवड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए एसएसपी ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने आसपास के जनपदों के पुलिस अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और निर्धारित मार्गों से ही कांवड़ यात्रा संचालित कराने को कहा।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही खड़ा करवाने के निर्देश दिए गए, ताकि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक वाहनों का दबाव न बढ़े और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *