देहरादून पुलिस का सख्त एक्शन: ज्वेलरी चोरी और वाहन तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश

अपराध उत्तराखंड देहरादून

देहरादून। देहरादून पुलिस के सख्त अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दो बड़ी सफलताएं हासिल की गई हैं। थाना राजपुर पुलिस ने करीब एक वर्ष पुरानी लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी का राजफाश करते हुए घरेलू सहायिका विमला को गिरफ्तार किया है। वहीं थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ज्वेलरी चोरी का खुलासा

पुलिस के अनुसार, आरोपी विमला ने अपनी मालकिन के घर से हीरे और सोने के आभूषण चुराए थे। घटना लगभग एक वर्ष पुरानी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के गहने बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने चोरी के गहनों की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी थीं, जिसके आधार पर वह पुलिस के रडार पर आई। तकनीकी जानकारी और फुटप्रिंट के सहारे आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया।

वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़

दूसरी बड़ी कामयाबी नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दर्ज की गई। पुलिस ने वाहन चोरी के शातिर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 8 चोरी के दोपहिया वाहन और 2 स्कूटी के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि आरोपी मास्टर की और लॉक तोड़कर वाहन चुराते थे। इसके बाद वाहनों के पार्ट्स निकालकर कबाड़ियों को बेच दिया करते थे।

एसएसपी की घोषणा

दोनों मामलों में पुलिस टीमों की सराहनीय कार्यवाही पर एसएसपी देहरादून ने संबंधित अधिकारियों और टीमों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

“ऑपरेशन प्रहार के तहत हम अपराधियों पर लगातार प्रहार कर रहे हैं। जनता की संपत्ति की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *