प्रकाश पर्व शोभायात्रा को लेकर देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन

उत्तराखंड देहरादून यातायात

21 नवंबर को दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था, कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

देहरादून। प्रकाश पर्व के अवसर पर 21 नवंबर 2026 को देहरादून में निकाली जाने वाली शोभायात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शोभायात्रा के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। यह व्यवस्था दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक लागू रहेगी।

शोभायात्रा गुरुद्वारा पटेलनगर से शुरू होकर सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला, पलटन बाजार, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक और सुभाष रोड होते हुए गुरुद्वारा श्री नानक निवास, सुभाष रोड पर संपन्न होगी।

यातायात पुलिस के अनुसार शोभायात्रा सड़क के बाईं ओर संचालित होगी, जबकि दाईं ओर से यातायात चलाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से यातायात आंशिक रूप से डायवर्ट कर जीएमएस रोड के रास्ते घंटाघर की ओर भेजा जाएगा।

शोभायात्रा के घंटाघर से दर्शनलाल चौक की ओर बढ़ने पर चकराता रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दर्शनलाल चौक पहुंचने पर तहसील चौक से आने वाले यातायात को घंटाघर की ओर तथा लैंसडाउन चौक से आने वाले वाहनों को कनक चौक की ओर भेजा जाएगा।

इसी तरह शोभायात्रा के बुद्धा चौक पहुंचने पर दून चौक से आने वाले यातायात को दर्शनलाल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। क्रॉस रोड से बुद्धा चौक की ओर आने वाले वाहनों को मनोज क्लिनिक से सीजेएम तिराहे की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के बुद्धा चौक पार करने के बाद बुद्धा चौक से एमकेपी चौक जाने वाले वाहनों को क्रॉस रोड और एमकेपी चौक से बुद्धा चौक जाने वाले वाहनों को दून चौक से भेजा जाएगा।

शोभायात्रा के सुभाष रोड पहुंचने पर यातायात को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा। इस दौरान सीएमआई और रेसकोर्स चौक से किसी भी वाहन को एमकेपी चौक की ओर नहीं भेजा जाएगा। शोभायात्रा के गुरुद्वारे में प्रवेश करने के बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।

इन स्थानों पर रहेंगे बैरियर और डायवर्जन प्वाइंट

पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, लालपुल तिराहा, घंटाघर, बुद्धा चौक, लैंसडाउन चौक, सीएमआई तिराहा और एमकेपी चौक पर यातायात पुलिस की ओर से बैरियर और डायवर्जन व्यवस्था की जाएगी।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का प्रयोग करने से यथासंभव बचें और जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें। आवश्यक होने पर ही निजी वाहनों का इस्तेमाल करें तथा रिक्शा, टेंपो और सिटी बस जैसे सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें।

नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा, जिसके लिए 1,500 रुपये का जुर्माना निर्धारित है। सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़ा करने वालों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। अनावश्यक रूप से सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और सहारनपुर रोड, गांधी रोड, घंटाघर, बुद्धा चौक तथा सुभाष रोड पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है। हालांकि एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं को किसी प्रकार से रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *