योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, पंचूर गांव में शोक

उत्तर प्रदेश उत्तराखंड देहरादून

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का आज निधन हो गया। उनके भाई महेंद्र ने इस दुखद समाचार की पुष्टि की है। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में शोक की लहर है।

सावित्री देवी गृहिणी थीं और पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में रहती थीं। उनकी उम्र करीब 88 वर्ष थी। बढ़ती उम्र के कारण वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं।

14 मई 2024 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। उस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपनी मां का हालचाल जानने एम्स पहुंचे थे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव के निवासी हैं। उनका परिवार आज भी गांव में रहता है। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *