दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत

उत्तराखंड

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रानीखेत तहसील क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK02-TA-3159 (वेगनआर) बुधवार रात देहोली-चौबटिया क्षेत्र से गुजर रही थी। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में समा गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे और बुधवार रात ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। लौटते समय रास्ते में यह हादसा हो गया।

मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत की पहचान हुई है। जबकि तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया और मोर्चरी रानीखेत भेज दिया गया। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *