देवप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी वैगनआर, दो की मौत और तीन घायल

उत्तराखंड

देवप्रयाग, 15 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही मारुति सुजुकी वैगनआर कार ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

राफ्ट के सहारे नदी पार कर देवप्रयाग पहुंचाए शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या HR-68 C 1242 में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। देवप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में तथा एसडीआरएफ श्रीनगर से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

एसडीआरएफ टीमों के पहुंचने से पहले ही जिला पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया गया था। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

इसके बाद एसडीआरएफ की टीमों ने घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे एक पुरुष और एक महिला के शवों को बाहर निकाला। घटनास्थल की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और नदी मार्ग को देखते हुए दोनों शवों को राफ्ट के सहारे नदी पार कर देवप्रयाग पहुंचाया गया। बाद में आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस को सौंप दिए गए।

हादसे में घायल हुए तीन लोग

दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. उत्तम सिंह (33 वर्ष), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, जिला रुद्रप्रयाग।
  2. टीशा रावत (18 वर्ष), पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, जिला रुद्रप्रयाग।
  3. सुनीता देवी (45 वर्ष), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, जिला रुद्रप्रयाग।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों में सत्येश्वरी देवी (72 वर्ष), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और वाहन चालक अनिल शामिल हैं।

एसडीआरएफ की ब्यासी और श्रीनगर टीमों ने आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया। दोनों मृतकों के शव सुरक्षित स्थान तक पहुंचाकर अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *